लॉकडाउन के बीच किसी की जान बचाने का रेलवे ने एक और उदाहरण पेश किया। पीएम काे मिले एक ट्वीट के बाद रेलवे ने स्टॉपेज नहीं हाेने के बावजूद पार्सल ट्रेन काे फालना स्टेशन पर रुकवाया और मुंबई में बीमारी से जूझ रहे साढ़े तीन साल के एक बच्चे के लिए ऊंटनी के दूध का बंदोबस्त कराया। दरअसल, दो दिन पहले पीएम नरेंद्र मोदी को मुंबई के आईपीएस अरुण बोथरा ने ट्वीट किया और बताया कि मुंबई में साढ़े तीन साल का एक बच्चा ऑटिज्म व एलर्जी जैसी बीमारी से ग्रस्त है।
बोथरा ने ट्वीट में कहा कि बच्चे को ऊंटनी के दूध की सख्त जरूरत है, लाॅकडाउन के कारण ऐसा संभव नहीं हाे पा रहा। पीएम काे ट्वीट करने के बाद जानकारी उत्तर पूर्व रेलवे के सीपीटीएम तरुण जैन, अजमेर रेल मंडल के डीआरएम नवीन कुमार परसुरामका और सीनियर डीसीएम महेश जेवलिया तक पहुंची तो उन्होंने लुधियाना से वाया अजमेर होकर मुंबई जा रही पार्सल ट्रेन को फालना में बिना स्टोपेज रुकवाया।
बच्चे के माता-पिता ने दिया धन्यवाद
इसके बाद यहां ऊंटनी का दूध बेचने वाली कंपनी कैमल करिश्मा के जरिए 20 लीटर दूध और ऊंटनी के दूध का एक किलाे पाउडर भेजने की व्यवस्था करवाई। यह दूध बच्चे के माता-पिता को मिल चुका है। उन्होंने रेलवे प्रशासन का धन्यवाद दिया। उधर, इस बच्चे के लिए पिछले चार माह से फालना से दूध भेज रहे हनुमंत सिंह ने बताया कि लॉकडाउन के कारण दूध भेजा जाना संभव नहीं था।
No comments:
Post a Comment